Sikkim Flood: बाढ़ में 22 सेना के जवानों समेत 102 लोग लापता 14 की मृत्यु

Sikkim Flood: उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील पर बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आने के बाद कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और सेना के 22 जवानों समेत करीब 102 लोग लापता हो गए हैं। सिक्किम सरकार की ओर से इस हादसे पर ताजा जानकारी शेयर की गई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर लोगों की पहचान आम नागरिकों के रूप में की गई है, जिनमें से तीन लोग उत्तरी बंगाल में बह गए थे।

Sikkim Flood: रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने कहा, “बचाए गए सैनिक की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है।” अधिकारियों ने बताया कि बचाव कर्मियों ने सिंगताम के गोलिटार में तीस्ता नदी के बाढ़ क्षेत्र से कई शव निकाले। इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री पी एस तमांग से बात की और राज्य में अचानक आयी बाढ़ से उपजे हालात की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सेना के लापता जवानों की सलामती के लिए प्रार्थना की।

Sikkim Flood: 102 people including 22 army personnel missing in flood, 14 dead
Sikkim Flood: 102 people including 22 army personnel missing in flood, 14 dead

कैबिनेट सचिव ने सिक्किम सरकार को आश्वासन दिया कि सभी केंद्रीय एजेंसियां तैयार हैं और सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगी। केंद्रीय सचिव ने समिति को बताया कि केंद्र सरकार द्वारा उच्चतम स्तर पर लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हर संभव मदद दी जा रही है।

सिक्किम सरकार ने एक अधिसूचना में इसे आपदा घोषित कर दिया है। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण झील में जलस्तर अचानक 15 से 20 फुट तक बढ़ गया। उन्होंने बताया, ‘‘सेना के 22 जवानों के लापता होने की सूचना है और 41 वाहन कीचड़ में धंसे हुए हैं।’’ एक रक्षा अधिकारी ने कहा, ‘‘सिक्किम और उत्तरी बंगाल में तैनात भारतीय सेना के अन्य सभी जवान सुरक्षित हैं, लेकिन मोबाइल संचार बाधित होने के कारण वे अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने में असमर्थ हैं।”

Leave a Comment